2 राजा 14
14
यहूदा प्रदेश पर अमस्याह का राज्य
1इस्राएल प्रदेश के राजा यहोआश बेन-यहोआहाज के राज्य-काल के दूसरे वर्ष में यहूदा प्रदेश के राजा योआश का पुत्र अमस्याह राज्य करने लगा। 2जब उसने राज्य करना आरम्भ किया तब वह पच्चीस वर्ष का था। उसने राजधानी यरूशलेम में उन्तीस वर्ष तक राज्य किया। उसकी मां का नाम यहोअद्दीन था। वह यरूशलेम नगर की थी।#2 इत 25:1-4
3अमस्याह ने वही किया, जो प्रभु की दृष्टि में उचित था। फिर भी उसने अपने पूर्वज दाऊद के समान कार्य नहीं किया। उसने अपने सब कार्यों से अपने पिता योआश का अनुसरण किया, 4किन्तु पहाड़ी शिखर की वेदियां नहीं तोड़ी गईं। लोग उन पर पशु-बलि चढ़ाते और सुगन्धित धूप-द्रव्य जलाते रहे। 5जब राज-सत्ता अमस्याह के हाथ में दृढ़ हो गई, तब उसने अपने पिता के हत्यारे दरबारियों का वध कर दिया।#2 रा 12:20 6परन्तु उसने प्रभु की आज्ञा के अनुसार, जो मूसा के व्यवस्था-ग्रन्थ में लिखी है, उन हत्यारों के पुत्रों का वध नहीं किया। प्रभु ने यह आज्ञा दी थी : ‘पुत्रों के पाप के लिए पिता को मृत्यु-दण्ड नहीं दिया जाएगा, और न पिता के पाप के लिए पुत्रों को मृत्यु-दण्ड दिया जाएगा। प्रत्येक व्यक्ति को उसके ही पाप के लिए मृत्यु-दण्ड दिया जाएगा।’#व्य 24:16; यहेज 18:4,20
7अमस्याह ने लवण घाटी में दस हजार एदोमी सैनिकों को पराजित कर दिया, और युद्ध में सेला नगर को जीत लिया। उसने सेला का नाम योक्तएल नगर रखा। आज भी उसका यही नाम है। #2 इत 25:11
8तब अमस्याह ने इस्राएल प्रदेश के राजा यहोआश के पास दूत भेजे। यहोआश येहू का पौत्र और यहोआहाज का पुत्र था। अमस्याह ने उसको यह सन्देश भेजा : ‘आओ, हम युद्ध में अपनी शक्ति आजमाएं।’#2 इत 25:17-24 9इस्राएल के राजा यहोआश ने यहूदा प्रदेश के राजा अमस्याह को यह उत्तर भेजा ; ‘एक दिन लबानोन प्रदेश की एक झड़बेरी ने लबानोन प्रदेश के देवदार को यह सन्देश भेजा : “अपनी पुत्री का विवाह मेरे पुत्र के साथ कर।” उसी क्षण एक वन-पशु वहां से गुजरा, और उसने झड़बेरी को रौंद डाला।#शास 9:8 10तुमने निश्चय ही एदोमी सेना को पराजित किया है; पर तुम्हारा हृदय गर्व से फूल उठा है। अपनी अभूतपूर्व विजय से सन्तुष्ट हो, और घर में ही रहो। तुम अपने अनिष्ट को क्यों बुला रहे हो? इससे तुम्हारा पतन होगा, और तुम्हारे साथ समस्त यहूदा प्रदेश का भी।’
11परन्तु अमस्याह ने यहोआश की बात नहीं मानी। अत: इस्राएल प्रदेश के राजा यहोआश ने आक्रमण कर दिया। यहूदा प्रदेश के बेत-शेमेश नगर में इस्राएल प्रदेश के राजा यहोआश और यहूदा प्रदेश के राजा अमस्याह का आमना-सामना हुआ। 12यहूदा प्रदेश का राजा इस्राएल प्रदेश के राजा से हार गया। उसके सैनिक अपने-अपने घर भाग गए। 13इस्राएल प्रदेश के राजा यहोआश ने यहूदा प्रदेश के राजा अमस्याह को, जो अहज्याह का पौत्र और योआश का पुत्र था, बेत-शेमेश नगर में बन्दी बना लिया। वह यरूशलेम नगर में आया। उसने एफ्रइम प्रवेश-द्वार से कोने वाले प्रवेश-द्वार तक, लगभग एक सौ अस्सी मीटर, यरूशलेम की शहरपनाह तोड़ दी। 14जो सोना-चांदी और जो पात्र उसको प्रभु-भवन में तथा राज-भवन के कोषागारों में मिले, उसने उनको लूट लिया। उसने राजपुत्रों#14:14 अथवा “बन्धक-व्यक्ति” का भी अपहरण कर लिया, और अपनी राजधानी सामरी नगर को लौट गया।
15यहोआश के शेष कार्यों का, उसके समस्त कार्यों का विवरण, उसके वीरतापूर्ण कार्यों का, यहूदा प्रदेश के राजा अमस्याह से लड़े गए युद्ध का विवरण, ‘इस्राएल प्रदेश के राजाओं का इतिहास-ग्रन्थ’ में लिखा हुआ है। 16यहोआश अपने मृत पूर्वजों के साथ सो गया। उसको इस्राएल प्रदेश के राजाओं के साथ सामरी नगर में गाड़ा गया।
उसका पुत्र यारोबआम उसके स्थान पर राज्य करने लगा।
17इस्राएल प्रदेश के राजा यहोआश बेन-यहोआहाज की मृत्यु के पश्चात् यहूदा प्रदेश का राजा अमस्याह बेन-योआश पन्द्रह वर्ष तक जीवित रहा।#2 इत 25:25-28 18अमस्याह के शेष कार्यों का विवरण आदि से अन्त तक ‘यहूदा प्रदेश के राजाओं का इतिहास-ग्रन्थ’ में लिखा हुआ है।
19लोगों ने यरूशलेम नगर में अमस्याह के विरुद्ध षड्यन्त्र रचा। वह लाकीश नगर की ओर भागा। षड्यन्त्रकारियों ने उसके पीछे-पीछे लाकीश नगर में हत्यारों को भेजा, जिन्होंने वहां उसकी हत्या कर दी। 20वे उसका शव घोड़ों पर लाद कर यरूशलेम नगर में लाए, और उसको उसके मृत पूर्वजों के साथ दाऊदपुर में गाड़ दिया। 21तब यहूदा प्रदेश की समस्त जनता ने अमस्याह के पुत्र अजर्याह को चुना, और उसको उसके पिता के स्थान पर राजा बनाया। वह उस समय सोलह वर्ष का था।#2 इत 26:1 22अजर्याह ने अपने पिता राजा अमस्याह की मृत्यु के पश्चात् एलोत नगर का निर्माण कर उसको पुन: यहूदा राज्य के अधिकार में कर लिया।
इस्राएल प्रदेश पर यारोबआम द्वितीय का राज्य
23यहूदा प्रदेश के राजा अमस्याह बेन-योआश के राज्य-काल के पन्द्रहवें वर्ष में इस्राएल प्रदेश का राजा यारोबआम बेन-यहोआश सामरी नगर में राज्य करने लगा। उसने इकतालीस वर्ष तक राज्य किया।#आमो 1:1; हो 1:1 24परन्तु जो कार्य प्रभु की दृष्टि में बुरा था, उसने वही किया। जैसे यारोबआम बेन-नबाट ने इस्राएली जनता से पाप कराया था, वैसे उसने भी कराया। वह यारोबआम बेन-नबाट के पाप-मार्ग से विमुख नहीं हुआ।
25यारोबआम बेन-यहोआश ने इस्राएली राज्य की सीमा, हमात घाटी की सीमा से मृत सागर तक, पुन: स्थापित कर ली। यह इस्राएली राष्ट्र के प्रभु परमेश्वर के वचन के अनुसार सम्पन्न हुआ। प्रभु ने गत-हेफेर नगर के अपने सेवक नबी योना बेन-अमित्तय के मुख से ऐसा ही कहा था।#योना 1:1 26प्रभु ने यह देखा था कि इस्राएली जनता की पीड़ा कितनी असहनीय है। वहां न स्वतन्त्र और न गुलाम व्यक्तियों में इस्राएली जनता की सहायता करने वाला कोई रह गया था। 27प्रभु ने यह नहीं कहा था कि वह धरती से इस्राएली जनता का नामोनिशान मिटा देगा। अत: उसने यारोबआम बेन-यहोआश के हाथ से उनकी रक्षा की।
28यारोबआम के शेष कार्यों का विवरण, उसके समस्त कार्यों का, उसके वीरतापूर्ण कार्यों का विवरण, ‘इस्राएल प्रदेश के राजाओं का इतिहास-ग्रन्थ’ में लिखा हुआ है। उसने किस प्रकार दमिश्क और हमात नगरों को जीतकर इस्राएली राज्य में#14:28 मूल में “इस्राएल में यहूदा के लिए” सम्मिलित किए थे, इसका भी विवरण उस ग्रन्थ में लिखा हुआ है।
29यरोबआम अपने मृत पूर्वजों, इस्राएल प्रदेश के राजाओं के साथ सो गया। उसका पुत्र जकर्याह उसके स्थान पर राज्य करने लगा।
वर्तमान में चयनित:
2 राजा 14: HINCLBSI
हाइलाइट
शेयर
कॉपी
Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in
Hindi CL Bible - पवित्र बाइबिल
Copyright © Bible Society of India, 2015.
Used by permission. All rights reserved worldwide.