राजा योराम की मृत्यु के बाद यरूशलेम के निवासियों ने उसके स्थान पर उसके सबसे छोटे पुत्र अहज्याह को राजा बनाया; क्योंकि राजा योराम के बड़े पुत्रों का वध उस दल ने कर दिया, जो अरबी सैनिकों के साथ शिविर में घुस आया था। यों अहज्याह बेन-योराम यहूदा प्रदेश पर राज्य करने लगा। जब उसने राज्य करना आरम्भ किया तब वह बाईस वर्ष का था। उसने राजधानी यरूशलेम में केवल एक वर्ष तक राज्य किया। उसकी मां का नाम अतल्याह था। वह इस्राएल प्रदेश के राजा ओम्री की पोती थी। जैसा अहाब के राज-परिवार ने किया था, वैसा ही अहज्याह ने भी किया। वह अहाब के राज-परिवार के मार्ग पर चला; क्योंकि उसको परामर्श देने वाली उसकी मां थी। अपनी मां के कारण ही उसने दुराचरण किया। जो कार्य प्रभु की दृष्टि में बुरा था, उसने वही किया। उसके पिता के मरने के बाद अहाब के राज-परिवार के लोग ही उसको सलाह देते थे। अत: उसका पतन हो गया। यहां तक कि उनके परामर्श के अनुसार वह इस्राएल प्रदेश के राजा यहोराम बेन-अहाब के साथ सीरिया देश के राजा हजाएल से युद्ध करने रामोत-गिलआद नगर को गया। वहां सीरियाई सैनिकों ने यहोराम को घायल कर दिया। राजा यहोराम घावों की मरहमपट्टी करवाने के लिए यिज्रएल नगर को लौटा। ये घाव उसको सीरिया के राजा हजाएल से, युद्ध करते समय रामोत-गिलआद में लगे थे। वह गम्भीर रूप से घायल था। अत: यहूदा प्रदेश का राजा अहज्याह बेन-योराम उसको देखने के लिए यिज्रएल नगर गया। परमेश्वर यह निश्चित कर चुका था कि जब अहज्याह इस्राएल प्रदेश के राजा यहोराम के पास आएगा, तब उसका यह आगमन उसके पतन का कारण बनेगा। प्रभु ने येहू बेन-निम्शी को अहाब के राज-परिवार का वध करने के लिए अभिषिक्त किया था। अहज्याह वहां आया। वह यहोराम के साथ येहू से मिलने गया। जब येहू प्रभु के आदेश के अनुसार अहाब के राज-परिवार को दण्ड दे रहा था, तब उसको यहूदा प्रदेश के उच्चाधिकारी तथा अहज्याह के भाइयों के पुत्र मिले, जो राजा अहज्याह की सेवा-टहल करते थे। येहू ने उनका वध कर दिया। तब येहू ने अहज्याह की तलाश की। अहज्याह सामरी नगर में छिपा हुआ था। सैनिकों ने उसको पकड़ लिया। वह येहू के सामने पेश किया गया। येहू ने उसका वध करवा दिया। सेवकों ने उसका शव सम्मान के साथ गाड़ा, क्योंकि वे कहते थे, ‘यह यहोशाफट का नाती है, जिसने सम्पूर्ण हृदय से प्रभु को खोजा था।’ अहज्याह के परिवार में कोई ऐसा व्यक्ति नहीं था, जो राज्य कर सके।
2 इतिहास 22 पढ़िए
सुनें - 2 इतिहास 22
शेयर
सभी संस्करण की तुलना करें: 2 इतिहास 22:1-9
छंद सहेजें, ऑफ़लाइन पढ़ें, शिक्षण क्लिप देखें, और बहुत कुछ!
होम
बाइबिल
योजनाएँ
वीडियो