2 राजा 15:32-38

2 राजा 15:32-38 HINCLBSI

इस्राएल प्रदेश के राजा पेकह बेन-रमलयाह के राज्‍य-काल के दूसरे वर्ष में यहूदा प्रदेश के राजा ऊज्‍जियाह के पुत्र योताम ने राज्‍य करना आरम्‍भ किया। जब उसने राज्‍य करना आरम्‍भ किया तब वह पच्‍चीस वर्ष का था। उसने सोलह वर्ष तक राजधानी यरूशलेम में राज्‍य किया। उसकी मां का नाम यरूशा था। वह सादोक की पुत्री थी। जैसे उसके पिता ऊज्‍जियाह ने उन कार्यों को किया, जो प्रभु की दृष्‍टि में उचित थे, वैसे उसने भी किया। फिर भी पहाड़ी शिखर की वेदियां नहीं तोड़ी गईं। लोग उन पर पशु-बलि चढ़ाते और सुगन्‍धित धूप-द्रव्‍य जलाते रहे। योताम ने प्रभु के भवन का ऊपरवाला द्वार फिर से बनवाया था। योताम के शेष कार्यों का विवरण, उसके समस्‍त कार्यों का विवरण, ‘यहूदा प्रदेश के राजाओं का इतिहास-ग्रन्‍थ’ में लिखा हुआ है। योताम के राज्‍य-काल में प्रभु सीरिया के राजा रसीन और इस्राएल प्रदेश के राजा पेकह बेन-रमलयाह को यहूदा प्रदेश पर आक्रमण के उद्देश्‍य से भेजने लगा। तब योताम अपने मृत पूर्वजों के साथ सो गया। उसको उसके पूर्वजों के साथ उसके पूर्वज दाऊद के नगर में गाड़ा गया। उसका पुत्र आहाज उसके स्‍थान पर राज्‍य करने लगा।